Total Pageviews

Showing posts with label Ram Bhagwan. Show all posts
Showing posts with label Ram Bhagwan. Show all posts

Saturday, November 25, 2023

श्रीरामचरित मानस से:प्रभु राम के दर्शन

 🌻🌼🍀🌻🌼☘️ 

पूज्यनीय गोस्वामी तुलीदास जी कृत श्रीरामचरित मानस के बाल कांड में शिवपार्वती संवाद में दी गई यह सुंदर चौपाई की पंक्तियाँ हैं -

🍥🍭🍥🍭🍥🍭

 *हुई है वही जो राम रखि राखा।*

*को कर तर्क बढ़ावे साखा।।* 

🌷🍬🌷🍬🌷🌷

यह सुंदर पंक्तियाँ उद्धृत  कर रही हैं कि मनुष्य के अहंकार का कोई मोल नहीं है, जिस कारण वह विचार करता है कि कर्ता वह स्वयं है तथा इस सोच के कारण वह कर्ता भाव में रह कर ईश्वर तथा ईश्वर कृपा से वंचित रह जाता है। परम धाम उसकी नियति है किंतु वह जन्मजन्मांतर भटकता रह जाता है।


पंक्तियाँ, मार्ग प्रशस्त करती हैं कि अहंकार त्याग कर, ईश्वर के प्रति प्रेमवश हो उसका भरोसा करें कि कर्ता तो वही हैं। 


ईश्वर पर यह भरोसा,  उससे प्रेम होने के उपरांत ही सम्भव होता है। इसीलिये प्रभु राम को प्रेम प्यारा है।


भगवान कहते हैं कि कलयुग में मुझे प्राप्त करने का मात्र प्रेम ही एकमात्र मार्ग है।


प्रेम हृदय में उपजता है, बुद्धि तर्क करती है, इसलिये यह पंक्तियाँ तर्क करने से रोकती हैं। क्योंकि जब तक बुद्धि को विराम नहीं मिलता, तब तक हृदय में विराजे प्रभु राम  से साक्षात्कार नहीं होता।

प्रभु राम के साक्षात दर्शन तो प्रेम से ही होंगे।


 *जहाँ भरोसा है, वहाँ भय नहीं।* 

 *सादर -* 

 *जय सियाराम जय मेहेरामेहेर जय जिनेन्द्र सदा*

🙏🌈🌈😇😇🙏

श्रीरामचरित मानस से (भगवान को केवल प्रेम प्यारा है)

 🌻🌼🍀🌻🌼☘️

श्रीरामचरितमानस के अयोध्या कांड में वर्णन है कि भगवान श्रीरामचंद्रजी, सीतामाता और लक्ष्मण जी ने चित्रकूट में रहना प्रारम्भ किया।

यहाँ आपके दर्शन करने के लिये वन में रहने वाले भील और कोल आये तथा भगवान से सेवा करने का उन्होंने आग्रह किया तब भगवान ने अपने प्रेम से वनवासियों को संतुष्ट किया।

इसी प्रसंग से निम्नलिखित सुंदर पंक्तियाँ हैं जिनके अनुसार भगवान राम को केवल प्रेम प्यारा है।


*चौपाई:* 

रामहि केवल प्रेमु पियारा।

जानि लेउ जो जान निहारा।। 

राम सकल बनचर तब तोषे।

कही मृदु वचन प्रेम परिपोषे।।


*अर्थात:* 

श्री रामचंद्र भगवान को केवल प्रेम ही प्यारा है जो जानने वाला हो (जानना चाहता हो) वह जान ले। तब श्रीरामचंद्रजी ने प्रेम से परिपुष्ट हुए (प्रेमपूर्ण) कोमल वचन कहकर उन सब वन में विचरण करने वाले लोगों को संतुष्ट किया।

जय सियाराम जय मेहेरामेहेर सदा

🙏😇😇🌈🌈🙏

श्रीरामचरित मानस से: भगवान श्रीरामचंद्र जी का निवास स्थान

 🙏🌈🌈😇😇🙏

*जय सियाराम, जय मेहेरामेहेर सदा* 


जाति पाँति धनु धरमु बड़ाई। 

प्रिय परिवार सदन सुखदाई।।


सब तजि तुम्हहि रहइ उर लाई। 

तेहि के हृदयँ रहहु रघुराई।।


 *अर्थात-* 

जाति, पाति, धन, धर्म, बड़ाई, प्यारा परिवार और सुख देनेवाला घर- सबको छोड़कर जो केवल आपको ही हृदय में धारण किये रहता है, हे रघुनाथ जी ! आप उसके हृदय में रहिये।।


यह बेहद महत्वपूर्ण और सुंदर दोहा, श्रीरामचरित मानस के अयोध्या कांड से है।


भगवान सियाराम, लक्ष्मण जी सहित, वन गमन करते हुये महर्षि वाल्मीकि जी के आश्रम पहुँचते हैं।  


यहाँ भगवान राम, महर्षि वाल्मीकि से पूछते हैं कि इस वन में हम कहाँ रहें। 


तब, महर्षि वाल्मीकि जी कहते हैं 

'जो जाति पाँति, धन, धर्म को छोड़ कर आपको हृदय में धारण करते हैं, आप उसके हृदय में रहिये'

🌷🍬🌷🍬🌷🍬


दीपावली की ढेर सारी बधाईयाँ और शुभकामनायें !!!


🍥🍭🍥🍭🍥🍭

 *जय सियाराम, जय मेहेरामेहेर सदा* 

🙏😇😇🌈🌈🙏

Sunday, November 5, 2023

श्री रामचरित मानस से.....श्री राम-केवट जी प्रसंग

🌻🌼☘️🌻🌼🍀

महाराज दशरथ जी की आज्ञा पाकर, सियाराम, लक्ष्मण जी के साथ जब वन गमन कर गये तो पिता दशरथ जी से रहा न गया और उन्होंने अपने मंत्री सुमंत्र को यह कह कर वन भेजा कि किसी प्रकार तीनों को वन घुमा कर, फिर मना कर वापस अयोध्या ले आना।

सुमंत्र जी ने बहुत प्रयास किया किन्तु भगवान न माने तब दुखी मन से सुमन्त्र जी भगवान राम की बात मान कर अयोध्या लौट चले।

जब रथ मुड़ कर चलने लगा तो रथ के घोड़े पलट-पलट कर भगवान को देखते हुये, हिनहिनाने लगे।
श्रीरामचरित मानस में लिखा है कि जब भगवान से दूर होने पर पशु इतने व्याकुल हो गये तो मनुष्य कितने व्याकुल हुये होंगे।

निषाद राज के साथ भगवान सियाराम और लक्ष्मण जी ने यात्रा जारी रखी और वे गंगा जी के तीर (किनारे) पहुँच गये जहाँ इनकी भेंट केवट जी से हुई। भगवान ने केवट जी से उन सब को नाव द्वारा गंगा जी पार कराने का आग्रह किया किन्तु केवट ने उन्हें नाव पर चढ़ाने को मना कर दिया।

केवट को यह मालूम था कि भगवान के अँगूठे के स्पर्श से अहिल्या पाषाण से सुंदर स्त्री के रूप में परिवर्तित हो गईं और मुनि जी के पास लौट गईं।

केवट को यह भय था कि जब पाषाण, स्त्री के रूप में परिवर्तित हो सकता है तो उनकी नाव तो काष्ठ (लकड़ी) की बनी हुई है। कहीं उनकी नाव भी स्त्री रूप में परिवर्तित हो गई और मुनि के पास चली गई तो उनकी तो दाल-रोटी ही छिन जायेगी।

कुछ देर भगवान के आग्रह को विनम्रतापूर्वक मना करने के पश्चात्  केवट जी इस शर्त पर भगवान को नाव पर चढ़ाने को तैयार हो गये कि, भगवान उन्हें (केवट को) अपने पाँव पखारने देंगे।

भगवान मुस्कुराते हुये केवट जी से पाँव पखरवाते हुये माता सीता और भ्राता लक्ष्मण की ओर देखते जा रहे थे और मानस संवाद कर रहे थे कि आप दोनों को एक एक पैर ही पखारते हैं ।

भगवान के विवाह के पूर्व लक्ष्मण जी भगवान के दोनों चरणों को पखारते थे किंतु विवाह के बाद  भगवान के एक पैर को माता सीता और दूसरे पैर को लक्ष्मण जी पखारने लगे।

किन्तु केवट जी पर भगवान की ऐसी कृपा हुई की उन्होंने अपने दोनों पैर पखारने का अवसर उन्हें प्रदान किया।

भगवान के पाँव पखारने के बाद, केवट तथा उनके परिवार ने चरणामृत ग्रहण किया। इस तरह से केवट ने अपने परिवार और पितरों का उद्धार किया।

जब केवट जी, गंगा जी के जल से भगवान के चरण पखार रहे थे तब गंगा जी की बुद्धि सकुचा गई और वे सोचने लगीं कि वही भगवान जिन्होंने वामनावतार के रूप में मात्र दो पग में ही तीनों लोकों को नाप लिया था, अब वे गंगा जी पार नहीं कर पा रहे हैं। किंतु जल्द ही उन्होंने अपने हृदय में अनुभव किया कि यह तो वही हैं जिनके चरणों से मेरा उद्भव हुआ है और अभी जो कुछ भी हो रहा है यह मात्र भगवान की लीला है (ईश्वर को जानने के लिये भाव और अनुभव का आवश्यता होती है, बुद्धि से उन्हें समझा नहीं जा सकता)।

केवट जी ने सबको अपनी नाव में बैठा कर गंगाजी के पार उतारा किन्तु केवट जी ने अपना मेहनताना लेने से पहले ही मना कर दिया था।

भगवान बड़े संकोच में पड़ गये। माता सीता ने भगवान का मन पढ़ लिया (पति पत्नी के सम्बन्ध की गहराई को किस सुंदरता से समझाया है, परस्पर सम्बन्ध ऐसे जहाँ भावनाओं को शब्द रूप देने की आवश्यकता ही नहीं है)। माता सीता ने अपनी अँगूठी भगवान को दी ताकि वे केवट जी को मेहनताना दे सकें।

किन्तु केवट जी, भगवान से कहते हैं कि जब आप यात्रा से लौटेंगे तब वे मेहनताना लेंगे। यह सुनकर भगवान, केवट जी को ईश्वर भक्ति का अनुपम आशीर्वाद प्रदान करते हैं (ईश्वर भक्ति का अवसर भी ईश्वर की अनुमति से ही मिलता है),
*जय सियाराम दरबार जय मेहेरामेहेर*
🙏😇😇🌈🌈🙏

Monday, September 18, 2023

*राम रतन धन पायो*

*संदर्भ:* यह सुंदर कथा पूज्यनीय मोरारी बापू द्वारा सुनाई गई राम कथा से है, 

।। जय सियाराम सदा ।।

🙏🌈🌈😇😇🙏


🌱 एक बड़े पहुँचे हुये महात्मा जी थे, वे दिन भर भगवान राम के नाम सुमिरन में डूबे रहते थे। रात्रि में सिर्फ एक प्रहर (3 घंटे) ही सोते थे जो उनके लिये पर्याप्त था। बाकी पूरे समय वे भक्ति में लीन रहते थे और सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करते थे।


एक रोज़, राज्य के महाराज जी अपने दीवान जी के साथ प्रजा की खुशहाली देखने के लिये भ्रमण पर निकले, रास्ते में उन्हें एक छोटी सी सादगीपूर्ण कुटिया मिली।


कुटिया के बाहर एक महात्मा जी विराजे थे,उनके चेहरे पर बहुत तेज और सौम्यता थी। महात्मा जी के समक्ष एक भिक्षा पात्र रखा हुआ था। 


महात्मा जी की कुटिया को देख कर महाराज का हृदय पसीज गया। उन्होंने दीवान जी से कहा, दीवान जी, कृपया महात्मा जी को भरपूर स्वर्ण मुद्रायें दे दें ताकि वे अपना सुंदर सा घर बना सकें, सुखद जीवन व्यतीत कर सकें। सुखी हो सकें।


दीवान जी ने कहा, राजन् हम आपके आदेशानुसार, इन्हें स्वर्ण मुद्रायें अवश्य दे देते हैं किन्तु, इन स्वर्ण मुद्राओं को पा कर अथवा उपयोग कर महात्मा जी सुखी होंगे कि नहीं यह कहना कठिन है। इतना कह कर दीवान जी ने महात्मा जी के पात्र में ढेर सारी स्वर्ण मुद्रायें रख दीं।


महाराज जी, दीवान जी की बात को सुनकर हैरान हो गये। उन्होंने दीवान जी से पूछा की उन्होंने यह क्यों कहा कि स्वर्ण मुद्रायें मिलने के बाद भी महात्मा जी सुखी होंगे अथवा नहीं यह कहना कठिन है। यह सुनकर दीवान जी ने कहा कि राजन् यह महात्मा इस जगत के नहीं बल्कि परा जगत के हैं, यह तो समय ही बतायेगा कि क्या महात्मा जी को यह स्वर्ण मुद्रायें सुख दे पायेंगी और क्या धन सुख का साधन है। 


कई दिन बीते, एक रोज़ महाराज को दीवान जी की बात याद आई कि क्या धन सुख का साधन है ? महाराज ने दीवान जी को बुला भेजा और कहा कि हमें निरन्तर आपके द्वारा कही बात याद आती है कि क्या धन सुख का साधन है? इस बात का फैसला कैसे करें ? दीवान जी ने कहा कि इस बात का फैसला तो महात्मा जी से मिलकर ही हो पायेगा। चलिये महात्मा जी के दर्शन करने चलें। 


जब दोनों उन महात्मा जी की कुटिया में पहुँचे तो देखा के महात्मा जी पहले की तरह ही अपनी कुटिया के बाहर राम नाम में लीन बैठे थे, भिक्षा पात्र पूर्व की तरह ही उनके समक्ष रखा था। पात्र में स्वर्ण मुद्रायें भी उसी प्रकार रखी थीं जैसे दीवान जी रख गये थे।


यह देख कर महाराज जी को आश्चर्य हुआ। उन्होनें दीवान जी से इसका कारण जानने को कहा। महाराज जी के आदेशानुसार, दीवान जी ने महात्मा जी से स्वर्ण मुद्राओं के उपयोग न करने का कारण पूछा।


महात्मा जी ने महाराज जी और दीवान जी को प्रणाम कर विनम्रतापूर्वक आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अपना सोना वापस ले जायें। महात्मा जी ने आगे कहा कि आपके सोने के कारण हमारा सोना कठिन हो गया है। 


पहले, हमारी साधना के कारण, एक प्रहर (तीन घंटे) सो कर भी हम अपनी नींद पूरी कर लेते थे और बाकी समय का सदुपयोग साधना में करते थे।


जब से आपने यह स्वर्ण मुद्रायें दी हैं,  इनकी सुरक्षा की चिंता में हम सो नहीं पाते हैं और दिन भर उनींदे रहते हैं जिस वजह से हमारी साधना भी अधूरे मन से होती है। 


हम जानते हैं कि आपने हमारे भले के लिये ही यह स्वर्ण मुद्रायें दी हैं, किंतु हम क्षमाप्रार्थी हैं, हमें इन स्वर्ण मुद्राओं के कारण बहुत नुकसान हो रहा है, आप यह मुद्रायें अपने साथ वापस लेते जायें।


महात्मा जी का उत्तर सुनते ही दीवान जी और महाराज जी एक दूसरे को देख कर मुस्कुरा उठे। महाराज जी को अपने प्रश्न का उत्तर मिल चुका था। वे बोले कि दीवान जी अपने सही कहा था यह महात्मा जी इस जगत के नहीं बल्कि परा जगत से हैं और 

*असल धन तो राम नाम ही है।* 


 *सादर*

*जय प्रियतम अवतार मेहेरबाबा जय जिनेन्द्र सदा* 

🙏🌈🌈🙏

Tuesday, June 7, 2022

ईश्वर ही कारण है

 सीता मैय्या की खोज में भगवान राम, घने भयावह जंगलों में रास्ते तय कर रहे थे। इन  रास्तों और जंगलों का ज्ञान सुग्रीव को ही था।  जिस सरलता और सुगमता से सुग्रीव, समूचे दल का मार्गदर्शन कर रहे थे, भगवान राम को आश्चर्य हुआ।

भगवान राम ने आनन्दित होते हुये  सुग्रीव से पूछा 'तुम्हें जंगल के प्रत्येक रास्ते, बगीचे, तालाब, कन्दराओं और गुफाओं के बारे में पूरा ज्ञान है। तुम्हें, जंगल के कोने-कोने का ज्ञान किस तरह है'?

यह सुनकर सुग्रीव ने कृतज्ञ भाव से उत्तर दिया 'भगवन यह आपके आशीर्वाद के कारण ही सम्भव हो पाया'। जब बाली मुझे ढूँढ रहे थे तो मैं अपनी  जान बचाने के लिये पूरी पृथ्वी का चक्कर लगा रहा था। पगडंडी से रास्ते, रास्ते से कंदराओं और कंदराओं से गुफाओं में छुपता घूम रहा था, पोखरों और तालाबों से पानी पीता, बागीचों से फल खाता भटकता रहता। इसी तरह इन स्थानों का ज्ञान मुझे हुआ। 

भगवन, उस समय तक मुझे यह लगता था कि मैं अपनी जान बचाने के लिये भाग रहा हूँ किन्तु आज मुझे सत्य मालूम पड़ा कि मेरा इस प्रकार से भटकना तो अभ्यास था, जिसका सदुपयोग आगे चल कर आपकी सेवा में होना था।  अभ्यास और सेवा, दोनों ही आपके आशिर्वाद से सम्भव हो पाया है। 

इस ज्ञान का कारण तो आप ही हैं भगवन। मैं तो कृतार्थ हूँ कि आपने मुझे अपनी सेवा का सुवसर प्रदान किया, 

जय सियाराम

साभार: संत दिव्य सागर जी के वीडियो से


Friday, October 15, 2021

दशहरा:संतुलन की असन्तुलन पर जीत

रावण के दस शीश उसके परम विद्वान होने का प्रतीक माना जाता है। किन्तु इसे अत्यधिक अहंकार का भी प्रतीक माना जाता है। 


रावण के चित्र से ऐसा लगता है कि रावण का एक शीश मध्य में होना चाहिये, बाकी चार शीश एक ओर तथा पाँच शीश दूसरी ओर होना चाहिये। 


इस प्रकार, शायद यह इस बात का भी प्रतीक है कि वे बेहद बुद्धिमान होने के बावजूद असंतुलित बुद्धि के प्रतीक होंगे। 


वहीं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का एक शीश है जो कि इस बात का परिचायक है कि भगवान राम  संतुलित बुद्धि के स्वामी हैं। साथ ही वे विवेक, धैर्य संयम और साहस के प्रतीक भी हैं। इन उत्तम गुणों के साथ भगवान राम ने रावण को युद्ध में हराया।


इस तरह दशहरा वह अवसर भी है जब संतुलन की असंतुलन पर जीत हुई,

जय सियाराम, जय मेहेरामेहेर


दशहरा का पावन पर्व आप सब को सपरिवार मुबारक हो, सादर 

।।जय सियाराम, जय मेहेरामेहेर।।

Friday, June 15, 2018

'मैं ना होता तो क्या होता' एक प्रसंग

एक बार हनुमानजी ने प्रभु श्रीराम से कहा कि अशोक वाटिका में जिस समय रावण क्रोध में भरकर तलवार लेकर सीता माँ को मारने के लिए दौड़ा, तब मुझे लगा कि इसकी तलवार छीन कर इसका सिर काट लेना चाहिये, किन्तु अगले ही क्षण मैंने देखा कि मंदोदरी ने रावण का हाथ पकड़ लिया, यह देखकर मैं गदगद हो गया! यदि मैं कूद पड़ता तो मुझे भ्रम हो जाता कि यदि मै न होता तो क्या होता ? 

बहुधा हमको ऐसा ही भ्रम हो जाता है, मुझे भी लगता कि यदि मै न होता तो सीताजी को कौन बचाता ? परन्तु आज आपने उन्हें बचाया ही नहीं बल्कि बचाने का काम रावण की पत्नी को ही सौंप दिया। तब मै समझ गया कि आप जिससे जो कार्य लेना चाहते हैं, वह उसी से लेते हैं, किसी का कोई महत्व नहीं है !

आगे चलकर जब त्रिजटा ने कहा कि लंका में बंदर आया हुआ है और वह लंका जलायेगा तो मै बड़ी चिंता मे पड़ गया कि प्रभु ने तो लंका जलाने के लिए कहा ही नही है और त्रिजटा कह रही है तो मै क्या करुं ?

पर जब रावण के सैनिक तलवार लेकर मुझे मारने के लिये दौड़े तो मैंने अपने को बचाने की तनिक भी चेष्टा नहीं की, और जब विभीषण ने आकर कहा कि दूत को मारना अनीति है, तो मै समझ गया कि मुझे बचाने के लिये प्रभु ने यह उपाय कर दिया !

आश्चर्य की पराकाष्ठा तो तब हुई, जब रावण ने कहा कि बंदर को मारा नही जायेगा पर पूंछ मे कपड़ा लपेट कर घी डालकर आग लगाई जाये तो मैं गदगद् हो गया कि उस लंका वाली संत त्रिजटा की ही बात सच थी, वरना लंका को जलाने के लिए मै कहां से घी, तेल, कपड़ा लाता और कहां आग ढूंढता, पर वह प्रबन्ध भी आपने रावण से करा दिया, जब आप रावण से भी अपना काम करा लेते हैं तो मुझसे करा लेने में आश्चर्य की क्या बात है !

इसलिये हमेशा याद रखें कि संसार में जो कुछ भी हो रहा है वह सब ईश्वरीय विधान है, हम और आप तो केवल निमित्त मात्र हैं, इसीलिये कभी भी ये भ्रम न पालें कि...

        *मै न होता तो क्या होता*

 

Related Posts with Thumbnails