Total Pageviews

Showing posts with label Allahabad Agricultural Institute. Show all posts
Showing posts with label Allahabad Agricultural Institute. Show all posts

Friday, July 11, 2025

शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थियों के लिये ईश्वरीय वरदान ए.आई. (आर्टिफिशियल इंटेलिजैन्स)

🌻🌼🍀🌻🌼☘️

महाविद्यालयों की कक्षाओं में, विद्यार्थियों की कम होती उपस्थिति एक विचारणीय विषय बनता जा रहा है । ऐसा प्रतीत होता है कि ऑन लाईन संसाधन, जैसे गूगल, यू-ट्यूब और अब ए. आई. (आर्टिफिशियल इंटैलिजैन्स) मंच, छात्रों को, पाठ्यक्रम के अध्ययन के लिये पर्याप्त लगते हैं । बचे हुये समय को वे नौकरी के लिये प्रतियोगी परीक्षाओं और साक्षात्कार की तैयारी में लगाना अधिक उपयोगी समझते हैं ।


कुछ ऐसा करें कि छात्र खुशी-खुशी।कक्षा में आयें:
नियमानुसार, कक्षा में पचहत्तर प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता के बल पर छात्रों को कक्षाओं तक लाया तो जा सकता है किंतु, शायद, स्थिति वही बेहतर हो कि वे स्वप्रेरित हो कर कक्षाओं में खुशी-खुशी आयें।

कक्षा का वातावरण और शिक्षा:
छात्रों को कक्षा में बुलाने के लिये कक्षा के वातावरण और शिक्षा प्रदान करने की पद्धति दोनों में सुधार और संयोजन करने की आवश्यकता है, जिसके लिये, आधुनिक संचार क्रांति के संसाधनों के इस दौर में, कक्षा, शिक्षा और शिक्षक की भूमिका तथा इनके परस्पर संयोजन को समझना बहुत ज़रूरी हो गया है।

ज्ञान और सूचना में अंतर होता है:
विषय को, सूचना नहीं बल्कि ज्ञान के रूप में जानना, समझना, आत्मसात करना और उपयोग कर पाना ही शिक्षा है । शिक्षा की एक बहुत ही सुंदर परिभाषा इलाहाबाद कृषि संस्थान के प्रशासनिक भवन के बाहरी दीवार पर बड़े-बड़े अक्षरों में अंकित है । यह परिभाषा कहती है कि ‘शिक्षा मनुष्य की प्रवृत्ति को मुक्त करने की लिये है’ । मनुष्य की प्रवृत्ति मूल रूप से पाश्विक है किन्तु ज्ञान के माध्यम से,  विवेक जागृत कर, वह इस प्रवृत्ति से मुक्त हो सकता है।

ऑन लाईन मंच, विषय के बारे में जानकारी और सूचनायें तो देती हैं किंतु यह ज्ञान प्रदान नहीं कर पातीं क्योंकि यह मंच अनुभव साझा नहीं करते। सूचना और जानकारी जब अनुभव के साथ सम्मिश्रित होता है तब यह ज्ञान का स्वरूप प्राप्त करता है ।

ज्ञान हस्तांतरित करने के पूर्व, उपस्थित छात्रों की, विषय संबंधी सामूहिक समझ के स्तर को समझना और इस स्तर के अनुसार शिक्षित करना बेहतर होगा । शिक्षक और छात्र के मध्य स्थापित भावनात्मक सेतु भी छात्रों द्वारा ज्ञान को ग्रहण करना सुगम्य बनाता है । इसी तरह ज्ञान का सम्प्रेषण और प्रभावी हो जाता है यदि शिक्षक का व्यक्तित्व आकर्षक और प्रेरक हो साथ ही शिक्षक ज्ञानी हो । 

शिक्षक को ऑंलाईन मंच से एक कदम आगे रहना पड़ेगा, उन्हें नवीनतम शोध का अध्ययन करना होगा, नवाचारी और रचनात्मक होना होगा ।

कक्षा से कार्यशाला की ओर:
वर्तमान परिदृश्य में कक्षा  को कार्यशाला में परिवर्तित करना होगा जहाँ शिक्षा देना ही मात्र उद्देश्य नहीं होगा बल्कि शिक्षा के साथ कौशल संवर्धन भी आवश्यक हो जिससे कार्यशाला का रूप धारण की हुई कक्षा छात्रों के लिये अधिक रोचक होगी और वे कक्षा में उपस्थित होने के लिये तत्पर होंगे जहाँ वे ज्ञान विज्ञान को अपने अनुभव के साथ सीखेंगे। पाठ्यक्रम में प्रायोगिक कक्षाओं पर अधिक बल देना भी छात्र-छात्राओं को एक ओर अधिक सीखने का मौका देगा वहीं इन्हें कक्षा में उपस्थित होने का कारण भी देगा ।

कक्षा को रोचक बनायें:
ष्टि आई.ए.एस. के फाऊंडर और शिक्षक कहते हैं कि छात्रों को लंबे समय तक कक्षा में बाँध कर रखना आसान नहीं होता है । शिक्षक को अपनी गरिमा रखते हुये, छात्रों के स्तर पर आ कर विभिन्न रोचक कथाओं, प्रसंगों और चुटकुलों के माध्यम से भी कक्षा का वातावरण मज़ेदार बना कर रखना पड़ता है । तो शिक्षकों को स्वयं और कक्षा के वातावरण को बदलना सीखना होगा उसे शिक्षा प्रदान करने के नये उपकरणों का उपयोग सीखना होगा और सबसे बड़ी बात उसे इस प्रक्रिया में आनंद ढूँढना होगा।

चलते हैं स्मरण से कौशल संवर्धन की ओर:
कहते हैं कि परिवर्तन को छोड़ सब परिवर्तनीय है अर्थात परिवर्तन स्थायी है। तेज़ी से बदलते शैक्षणिक जगत के बारे में प्रख्यात शिक्षाविद प्रो.एस. व्ही.आर्य कहते हैं कि रोज़ कुछ न कुछ पढ़ते रहें सीखते रहें ताकि आप प्रासंगिक रहें। बदलते ज्ञान और शिक्षा जगत में रत शिक्षक और छात्रों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि अब स्मरण का कार्य करने के लिये कम्प्यूटर है किंतु उन्हें इस ज्ञान का उपयोग करना अच्छी तरह सीखना होगा अर्थात अब ज्ञानार्जन, स्मरण  के बजाय कौशल संवर्धन की ओर हो गया है । 

कार्य कुशलता और कार्य दक्षता का महत्व:
ध्यान दें कि एक नौकरी ढूँढ रहे उम्मीदवार की कीमत उसकी कार्यदक्षता अथवा कार्य कुशलता ही है न कि उसे प्राप्त उपाधियाँ अथवा डिग्रियाँ। हाँलाकि कार्य कुशलता अथवा कार्य दक्षता प्राप्त करने की पहली सीढ़ी विषय सम्बन्धी ज्ञान ही होता है। पूर्व में मल्टीटास्किंग (कई कार्यों को एक साथ करने की क्षमता) करने वाले एम्प्लॉई (कर्मचारी) को पसंद किया जाता था किंतु आज फिर विषय विषेज्ञता को ही पसंद किया जा रहा है जिसके लिये ज्ञान, कुशलता / दक्षता का संगम आवश्यक है।

ज्ञानेन्द्रियाँ और सीखने की प्रक्रिया:
कहते हैं कि, पाँच ज्ञानेंद्रियों, दृष्टि (चक्षु अथवा आँख), कर्ण (सुनना), स्पर्श (त्वचा, छूना), रसना (जिव्हा), नासिका (नाक, सूंघना) में से जितनी अधिक से अधिक इंद्रियों का उपयोग सीखने में किया जाये उतना ही पक्के रूप से किसी भी ज्ञान को सीखा जा सकता है। इसी बात के लिये एक प्रसिद्ध कहावत है कि अगर हम सिर्फ सुनेंगे तो भूल जायेंगे, अगर हम सुनेंगे और देखेंगे तो याद रखेंगे, अगर हम सुनेंगे, देखेंगे और कर के देखेंगे (अनुभव प्राप्त करना)
तो सीखेंगे (If I hear, I will forget, If I see I will remember, If I do I will learn.)
ऑनलाईन मंच इन बिन्दुओं में गौण रह जाता है। यह मंच तो बस विषय को छात्रों के समक्ष प्रस्तुत कर देते हैं और विषय को समझना और आत्मसात करने की पूरी ज़िम्मेदारी छात्र की स्वयं होती है । छात्र-छात्राओं को यह समझना होगा कि याद रखने में और सीखने में अंतर होता है। इस लेख में पूर्व में हमने देखा कि आपकी नियोक्ताओं के बीच आपकी माँग तो तभी बढ़ेगा जब आप अपनी कार्य कुशलता और दक्षता को बढायेंगे और इसे बढ़ाने के लिये आपको कक्षा में आना ही पड़ेगा।

ऑन लाईन मंच शिक्षा हेतु वरदान:
आवश्यक यह है कि ऑन लाईन मंच को चुनौती नहीं मानें बल्कि यह शिक्षक और विद्यार्थी के लिये ईश्वर का वरदान हैं । शिक्षा उपकरणों के उपयोग और ऑन लाइन मंचों के माध्यम से शिक्षा के आदान प्रदान को और भी अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकता है । इस तरह मिलेजुले प्रयासों से छात्रों को कक्षा की ओर फिर से उन्मुख किया जा सकता है क्योंकि यह मंच क़िताबों की तरह ही हैं, ऑन लाईन लाईब्रेरी हैं, शिक्षा तथा शिक्षण कार्य के लिये पूरक है ।

ईश्वर प्रदत्त बुद्धिमत्ता श्रेष्ठ:
 लिखने की विधा नहीं थी तब, जब शिलाओं पर, पत्तों और कागज़ पर लिखा जाने लगा तब भी गुरु और शिक्षक उपयोगी थे और आज जब ऑन लाईन विषय का सृजन होने लगा तब भी शिक्षक और कक्षा की उपयोगिता और महत्व में कोई कमी नहीं आई है न कभी  आयेगी । आखिर ए. आई. कृत्रिम बुद्धिमत्ता ही है ईश्वर प्रदत्त बुद्धिमत्ता नहीं है। ए.आई.वहीं तक सीमित है जितना मनुष्य ने उसे सीखा दिया किन्तु मनुष्य की रचना तो असीमित ईश्वर ने की है। प्रियतम अवतार मेहेरबाबा कहते हैं कि बुद्धिमत्ता से कहीं आगे है अंतर्ज्ञान (इन्ट्यूशन), प्रेरणा (इंस्पिरेशन) और प्रेम (लव)। प्रियतम बाबा आगे बताते हैं कि हमारी गैलेक्सी, 'मिल्की-वे' में 18000 (अट्ठारह हज़ार) धरतियाँ ऐसी हैं जहाँ जीवन है। अन्य धरतियों के लोग बुद्धि में हमारी धरती के लोगों की तुलना में बहुत आगे हैं किंतु उनमें भावना की बहुत कमी है। भावना और बुद्धि का पूर्ण सन्तुलन सिर्फ हमारी धरती के मनुष्यों में ही है। आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए. आई.) जितनी भी बढ़ जाये किन्तु शिक्षक और छात्र के बीच के भावनात्मक रिश्ते, छात्रों को कक्षा में अवश्य ले आयेंगे।

सादर
प्रियतम अवतार मेहेरबाबा की जय जय जिनेन्द्र सदा

🙏🏻😇😇🌈🌈🙏🏻

आपसे विनम्र आग्रह है कि कृपया लेख के बारे में अपने अमूल्य विचार और सुझाव कमेंट बॉक्स में अंकित कर प्रोत्साहित करने का कष्ट करें,

सादर 

जय प्रियतम अवतार मेहर बाबा जय जिनेंद्र सदा

🙏🏻😇😇🌈🌈🙏🏻

Saturday, November 25, 2023

श्रीरामचरित मानस से:प्रभु राम के दर्शन

 🌻🌼🍀🌻🌼☘️ 

पूज्यनीय गोस्वामी तुलीदास जी कृत श्रीरामचरित मानस के बाल कांड में शिवपार्वती संवाद में दी गई यह सुंदर चौपाई की पंक्तियाँ हैं -

🍥🍭🍥🍭🍥🍭

 *हुई है वही जो राम रखि राखा।*

*को कर तर्क बढ़ावे साखा।।* 

🌷🍬🌷🍬🌷🌷

यह सुंदर पंक्तियाँ उद्धृत  कर रही हैं कि मनुष्य के अहंकार का कोई मोल नहीं है, जिस कारण वह विचार करता है कि कर्ता वह स्वयं है तथा इस सोच के कारण वह कर्ता भाव में रह कर ईश्वर तथा ईश्वर कृपा से वंचित रह जाता है। परम धाम उसकी नियति है किंतु वह जन्मजन्मांतर भटकता रह जाता है।


पंक्तियाँ, मार्ग प्रशस्त करती हैं कि अहंकार त्याग कर, ईश्वर के प्रति प्रेमवश हो उसका भरोसा करें कि कर्ता तो वही हैं। 


ईश्वर पर यह भरोसा,  उससे प्रेम होने के उपरांत ही सम्भव होता है। इसीलिये प्रभु राम को प्रेम प्यारा है।


भगवान कहते हैं कि कलयुग में मुझे प्राप्त करने का मात्र प्रेम ही एकमात्र मार्ग है।


प्रेम हृदय में उपजता है, बुद्धि तर्क करती है, इसलिये यह पंक्तियाँ तर्क करने से रोकती हैं। क्योंकि जब तक बुद्धि को विराम नहीं मिलता, तब तक हृदय में विराजे प्रभु राम  से साक्षात्कार नहीं होता।

प्रभु राम के साक्षात दर्शन तो प्रेम से ही होंगे।


 *जहाँ भरोसा है, वहाँ भय नहीं।* 

 *सादर -* 

 *जय सियाराम जय मेहेरामेहेर जय जिनेन्द्र सदा*

🙏🌈🌈😇😇🙏

Sunday, August 20, 2023

बदलते दृश्य तेजी से

शायद सन् 1990 की बात है। इलाहाबाद एग्रीकल्चरल इंस्टीट्यूट के पास स्थित हमारे एक दोस्त का घर था जहाँ पहली बार केबल टी. व्ही.देखा और केबल टी. व्ही. देखा। दूरदर्शन देखने के आदि, हमें टी. व्ही. पर तेज़ी से बदलते दृश्यों ने उलझा दिया। कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था।


स्क्रीन पर तेज़ी से बदलते दृश्य के, दूरदर्शन के समय के हम,आदि नहीं थे। किंतु, केबल टी.व्ही., इंटरननैट और सोशल मीडिया में तेज़ी से बदलते दृश्य, जो कि प्रारंभ में हमें चक्कर खिला देते थे, अब हमारी आँखे, हमारा दिमाग और हमारा मन, इस असामान्य, असहज और अस्वाभाविक गति का आदि हो चुका है।


जैसे जैसे उम्र बढ़ती है वैसे वैसे शरीर ही नहीं बल्कि मन मस्तिष्क पर भी वात का प्रभाव बढ़ने लगता है और नैसर्गिक रूप से  इनकी गति कम होने लगती है।


स्क्रीन की तेज़ी से बदलते दृश्य हमारी स्वाभाविक गति के विपरीत कार्य कर  नुकसान पहुँचाती है।


आजकल जगह जगह पर स्क्रीन टाईम घटाने की बात ज़ोरों से हो रही है, सोने के एक घंटे पहले सभी स्क्रीन ऑफ करने की बात सुनने को मिलती है। यहाँ तक सप्ताह में एक दिन स्क्रीन फास्टिंग की भी अनुशंसा सुनने को मिल रही है।

लगता है बात में दम तो है।

जय प्रियतम अवतार मेहेरबाबा जय जिनेंद्र सदा  😇😇

🙏🌈🌈🙏

Tuesday, August 24, 2010

पहला वेतन और प्रोफैसर मेसन वॉ साहब

बात चालीस के दशक की है, जब मेरे पिता प्रोफैसर सुरेन्द्र वर्मा आर्य, इलाहाबाद एग्रीकल्चरल इंस्टिट्युट में एग्रीकल्चरल इंजीनीयरिंग की डिग्री कर रहे थे. उस समय न्यू हॉस्टल एग्रीलल्चरल इंजीनीरिंग डिपार्ट्मेंट के सामने का नीचे का विंग ही बना था जहाँ वे रहा करते थे.

ग्रामीण परिवेश से आये सुरेन्द्र आर्य अपने एक वर्ष सीनीयर छात्र को देखते थे. यह सीनीयर उस ज़माने में रेडियो बनाते थे, सुधारते थे, वे फोटॉग्राफी करते थे.

यह शौक़ उस समय काफी फैश्नेबल थे और केवल समपन्न घरों से आये छात्र ही इसे पूरा कर पाते थे.
एक रोज़ जब सुरेन्द्र आर्य उनके कमरे में गये तो सीनीयर छात्र और उनके मित्र उस समय का आधुनिक खेल मोनॉपली खेल रहे थे. जब सुरेन्द्र ने भी यह खेल खेलने की इच्छा ज़ाहिर की तो इन सीनीयर्स ने उन्हें मना कर दिया.

परीक्षायें पास आ रही थीं सभी छात्र छात्रायें तैयारी में जुट चुके थे किंतु इस टोली के ऊपर से मोनॉपली का भूत उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था. परीक्षायें शुरू भी हुईं और खत्म भी फिर रिज़ल्ट खुलने का समय आ गया. पूरी टोली डरी हुई थी. और हुआ भी वही, पूरी की पूरी टोली फेल हो गयी. हॉस्टल में लौट कर पूरी टोली ने मिलकर मोनोपॉली की होली जलाई और सुरेन्द्र के साथ पढ़ते हुई अपनी डिग्री पूरी की. सुरेन्द्र ने टॉप किया और इस लिये उन्हें गोल्ड मेडल भी मिला.

हमारे पिता बताते हैं, उस समय एग्रीकल्चरल इंजीनीयरिंग डिपार्ट्मेंट के फाऊंडर और हेड प्रोफैसर मेसन वॉ साहब थे. वे बेहद आदर्शवादी, निष्ठावान, और समर्पित प्रोफैसर थे. उन्होंने सुरेन्द्र और उनके सीनीयर जो कि इस टोली में शामिल थे को अध्यापक की नौकरी पर रख लिया. पहले वेतन के तौर पर सुरेन्द्र को रु. 100/- मासिक मिला जब कि सीनेयर छात्र को रु. 105/- मासिक मिला.
सुरेन्द्र ने कुछ संकोच करते हुए प्रोफैसर वॉ से पूछा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा की तुम्हारे सीनीयर ने इस डिग्री को पाने के लिये तुमसे एक साल ज़्यादा पढ़ाई की है इसलिये उन्हें पाँच रुपये अधिक मिल रहे हैं. सुरेन्द्र ने इस बात को खुशी खुशी स्वीकार किया.

बाद में दोनों ही आई.आए.टी खड़गपुर के फाऊंडर मेम्बर की तरह कार्य किया. जिसके बाद दोनों ही जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर (म.प्र.) आ कर एग्रीकल्चरल इंजीनिरिंग कॉलेज प्राम्भ किया जो कि अभी भी मध्य प्रदेश का अकेला एग्रीकल्चरल इंजीनिरिंग कॉलेज है. सुरेन्द्र के सीनीयर छात्र सीनीयर प्रोफैसर के पद से रिटायर हुए और प्रोफैसर सुरेन्द्र वर्मा आर्य जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति के पद से रिटायर हुये. प्रोफैसर आर्य और उनके सीनीयर छात्र का साथ रिटायर्मेंट तक रहा और अभी भी है. वे अपने सीनीयर का आदर अपने बड़े भाई की तरह करते हैं. 

 

Sunday, July 19, 2009

पढ़ाई और मनन

संस्मरण सुनाते हुए डॉ. आर. श्रीवस्तव, भूतपूर्व अधिष्ठाता, कृषि अभियंत्रिकी महाविद्यालय, जबलपुर एवं हमारे पिता के मित्र ने अपने छात्र जीवन की (चलीस के दशक की) एक मज़ेदार कहानी सुनाई.

मेरी क़ृषि अभियंत्रिकी की पढ़ाई ऎग्रिकल्चर इंस्टिट्यूट, इलहाबाद से हुई. मैं पढ़ने में बहुत तेज़ था किंतु हर वर्ष अपने एक सहपाठी से कुछ अंकों से पिछड़ कर दूसरा स्थान ही पाता था. बहुत् पूछ्ने पर भी वह कक्षा में प्रथम आने का और मेरे पिछड़ने का राज़ नहीं बताता था. अभियंत्रिकी कोर्स की पढ़ाई के अंतिम इम्तिहान के बाद मैंने उससे पूछा कि अब तो बता दो की बात क्या है? मैं इतने प्रयासों के बाद भी तुमसे पीछे ही क्यों रहा.

मेरे सह्पाठी ने मुस्कुराते हुए कहा ठीक है आज मैं तुम्हें बताता हूं. तुम्हें ध्यान है जब हम एक डिपार्टमेंट से दूसरे डिपार्ट्मेंट, बड़े से लॉन को पार कर के जाते थे उस समय तुम लोग दोस्तों से बातचीत करने में मशगूल रहते थे. और मैं क्या करता था ? मैंने पूछा कि तुम क्या करते थे ? उसने कहा मैं होंठॉं के पीछे तम्बाखू दबा कर तुम सब के साथ साथ चलता था किंतु तम्बाखू मुँह में होने के कारण कुछ बोल नहीं पाता था. मैनें ध्यान दिया और पाया कि मेरा सहपाठी सही बोल रहा था. इस समय क्लास में टीचर ने जो भी पढ़ाया होता उस विषय का मैं मनन कर लेता था. इसी वजह से मैं परीक्षा में वह सब लिख पाता था जो टीचर चाहते थे पर तुम वह लिखते थे जो तुम समझते थे. बस यहीं सारा फर्क आ जाता था.

इतना बता कर उनकी आँखों में मुस्कुराहट फैल गई !!!

Friday, December 5, 2008

आप कौन हैं...

बात चालीस के दशक की है जब हमारे पिता, इलाहबाद एग्रीकल्चरल इंस्टीट्यूट में पढ़ा करते थे। इस इंस्टिट्युट में फीस काउन्टर पर बैठी अँगरेज़ महिला, छात्र छात्रों के शोर शराबे से बेहद परेशान थी .  

परेशान हो कर अँगरेज़ महिला ने काउन्टर के सामने वाली दीवार पर एक पोस्टर लगाया जिस पर उन्होंने लिखा की जो विचारों के बारे में बात करता है वह सर्वश्रेष्ट व्यक्ति होता है, जो घटनाओं के बारे में बात करता है वह मध्यम प्रकार का व्यक्ति होता है और जो व्यक्तियों के बारे में बात करता है वह सबसे साधारण प्रकार का व्यक्ति होता है. अंत में एक प्रश्न लिखा की "आप किस श्रेणी के व्यक्ति हैं". 

इस पोस्टर के चिपकाने के बाद फीस काउंटर पर आने वाले छात्र छात्राएं शांतिपूर्वक फीस जमा कर जाने लगे.

Related Posts with Thumbnails